शुक्रवार, 28 मार्च 2025
नेताओं पर व्यंग्य: हास्य की कसौटी और सहनशक्ति का खेल
हमारा देश विविधताओं का देश है, और इस विविधता में एक बात जो हर काल और हर कोने में समान रूप से पाई जाती है, वह है नेताओं पर व्यंग्य। चाहे वह गली-मोहल्ले की चाय की दुकान हो या सोशल मीडिया का चहचहाता मंच, नेताओं को लेकर हास्य और तंज का सिलसिला कभी थमता नहीं। लेकिन सवाल यह है कि क्या हमारे नेता इस व्यंग्य को सहन कर पाते हैं? या फिर यह हास्य उनके लिए एक कड़वी गोली बन जाता है, जिसे न निगलते बनता है और न उगलते? बीते दिनों एक और व्यंग्य को लेकर एक और विवाद हुआ जिससे यह विषय फिर से चर्चा में आ गया कि नेताओं और व्यंग्य का यह रिश्ता कितना गहरा और कितना नाजुक है।
नेताओं पर व्यंग्य कसना कोई नई कला नहीं है। प्राचीन काल से ही साहित्यकार, कवि और नाटककार शासकों और नेताओं की कमियों को उजागर करने के लिए हास्य रस का सहारा लेते आए हैं। भारत में चाणक्य से लेकर कबीर तक, और फिर आधुनिक युग में प्रेमचंद से लेकर हरिशंकर परसाई तक, व्यंग्य ने सत्ता को आईना दिखाने का काम किया है। परसाई जी ने तो अपनी रचनाओं में नेताओं की चालाकी, ढोंग और वादों की हवा को इस तरह उड़ाया कि पाठक हँसते-हँसते गंभीर सवालों पर ठिठक जाए। मसलन, उनकी एक कहानी में नेता चुनावी सभा में कहता है, “मैं आपके लिए जान दे दूँगा,” और भीड़ तालियाँ बजाती है, लेकिन परसाई पूछते हैं, “क्या वह अपनी जान देगा या आपकी जान लेगा?”
आज के दौर में व्यंग्य का रूप बदल गया है। अब यह किताबों से निकलकर मीम, कार्टून और स्टैंड-अप कॉमेडी तक पहुँच गया है। सोशल मीडिया पर हर दिन नेताओं के बयानों को तोड़-मरोड़ कर ऐसे चुटकुले बनते हैं कि आम आदमी हँसते-हँसते लोटपोट हो जाए। मगर इन चुटकुलों के पीछे एक कड़वा सच भी छिपा होता है। नेता जो जनता के सामने बड़े-बड़े वादे करते हैं, उनकी करनी और कथनी में काफ़ी अंतर होता है।
वहीं यदि नेताओं की सहनशक्ति की बात करें तो लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है, और व्यंग्य भी अभिव्यक्ति का एक रूप है। लेकिन जब बात नेताओं पर तंज कसने की आती है, तो कई बार उनकी प्रतिक्रिया हैरान करने वाली होती है। कुछ नेता इसे हँसकर टाल देते हैं, तो कुछ इसे अपनी शान के खिलाफ मानकर कानूनी नोटिस भेजने से भी नहीं चूकते। वहीं कुछ नेताओं के कार्यकर्ता इस व्यंग्य को लेकर हिंसा करने में भी नहीं चूकते।
एक मशहूर उदाहरण है जब एक स्टैंड-अप कॉमेडियन ने किसी नेता के ‘विकास’ के दावों पर चुटकी ली। कॉमेडियन ने कहा, “नेता जी कहते हैं कि उन्होंने गाँव में सड़क बनवाई, पर गाँव वाले कहते हैं कि सड़क तो बन गई, बस गाँव गायब हो गया!” यह सुनकर दर्शक हँसे, लेकिन नेता जी ने इसे ‘चरित्र हनन’ करार देकर उस कॉमेडियन पर मुकदमा ठोक दिया। सवाल यह है कि क्या नेताओं को यह समझ नहीं कि जनता का हँसना उनके खिलाफ विद्रोह नहीं, बल्कि अपनी भड़ास निकालने का एक तरीका है?
दूसरी ओर, कुछ नेता ऐसे भी हैं जो व्यंग्य को खेल की भावना से लेते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी इसका बेहतरीन उदाहरण थे। उनकी कविताओं और हास्यबोध ने न केवल जनता का दिल जीता, बल्कि यह भी दिखाया कि एक नेता व्यंग्य को न सिर्फ सहन कर सकता है, बल्कि उसे अपने पक्ष में भी इस्तेमाल कर सकता है। एक बार संसद में उन पर तंज कसा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैं बुरा नहीं मानता, क्योंकि सच सुनने की आदत जो पड़ गई है।”
एक स्वस्थ लोकतंत्र में व्यंग्य सिर्फ हँसाने का जरिया नहीं, बल्कि समाज का दर्पण भी है। यह नेताओं को याद दिलाता है कि वे अजेय नहीं हैं, और जनता उनकी हर हरकत पर नजर रखे हुए है। जब नेता कोई अव्यावहारिक वादा करते हैं, जैसे “हर घर में सोने की चिड़िया लाएँगे”, तो व्यंग्य के जरिए जनता पूछती है, “क्या चिड़िया अंडे भी देगी, या सिर्फ उड़ान ही भरेगी?” यह हास्य सत्ता को जवाबदेह बनाए रखने का एक तरीका है।
लेकिन व्यंग्य की यह ताकत तब कमजोर पड़ती है, जब उसे दबाने की कोशिश की जाती है। कई बार नेताओं के समर्थक या सरकारें व्यंग्यकारों को “राष्ट्रद्रोही” तक करार दे देती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या हमारा लोकतंत्र इतना कमजोर है कि एक हँसी भी उसे हिला दे? नेताओं को यह समझना होगा कि व्यंग्य उनकी आलोचना नहीं, बल्कि उनकी लोकप्रियता का पैमाना है। जिस नेता पर चुटकुले नहीं बनते, उसे कौन याद रखता है? अगर जनता आपके ऊपर हँस रही है, तो इसका मतलब है कि आप उनके ज़हन में हैं। इसे सहन करने की क्षमता ही एक नेता को महान बनाती है। आखिर, जनता का प्यार और गुस्सा दोनों ही उनके ध्यान का प्रमाण हैं। नेताओं को यह भी देखना चाहिए कि व्यंग्य में छिपी सच्चाई को कैसे सुधारा जाए।
नेताओं पर व्यंग्य और उसे सहन करने की क्षमता एक सिक्के के दो पहलू हैं। जहाँ व्यंग्य लोकतंत्र को जीवंत बनाता है, वहीं उसे सहन करने की कला नेताओं को जनता के करीब लाती है। यह न तो नेताओं को कमजोर करता है और न ही जनता को बेकाबू। यह बस एक संतुलन है, हँसी और गंभीरता का, सत्ता और जवाबदेही का। तो अगली बार जब कोई नेता मंच से बड़े-बड़े दावे करे, और जनता उस पर चुटकुला बनाए, तो दोनों को चाहिए कि इसे हँसकर टाल दें। आखिर, हँसी में जो ताकत है, वह गुस्से में कहाँ?
शुक्रवार, 21 मार्च 2025
जल संकट: क्या हो समाधान?
भारत में प्राचीन काल से नदियों को पूजा जाता रहा है। जल को अमृत माना गया है। यह भी कहा जाता है कि जल ही जीवन है। परंतु आज देश भर में गंभीर जल संकट स्थिति बनी हुई है। बढ़ती जनसंख्या, औद्योगीकरण, शहरीकरण और जलवायु परिवर्तन ने देश के जल संसाधनों पर अभूतपूर्व दबाव डाला है। नीति आयोग की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत के 60 करोड़ से अधिक लोग पानी की गंभीर कमी का सामना कर रहे हैं। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि जल संकट की जड़ें कहाँ हैं और इसे दूर करने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
भारत में जल संकट कोई नई समस्या नहीं है, लेकिन हाल के वर्षों में यह और गहरा गया है। देश के कई हिस्सों में भूजल स्तर तेज़ी से गिर रहा है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्य, जो कृषि के लिए जाने जाते हैं, अब पानी की कमी से जूझ रहे हैं। चेन्नई, बेंगलुरु और दिल्ली जैसे बड़े शहरों में गर्मियों के दौरान पानी के लिए हाहाकार मच जाता है। नदियाँ, जो कभी जीवनदायिनी मानी जाती थीं, अब प्रदूषण और अतिक्रमण की शिकार हो रही हैं। गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियाँ भी आज अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही हैं। सरकारें आती-जाती रहीं पर नदियों की किसी ने नहीं सोची।
जलवायु परिवर्तन ने इस संकट को और बढ़ाया है। अनियमित मानसून, सूखा और बाढ़ की घटनाएँ अब आम हो गई हैं। भारत में प्रति व्यक्ति जल उपलब्धता 1951 में 5,177 क्यूबिक मीटर थी, जो अब घटकर 1,545 क्यूबिक मीटर रह गई है। यह आँकड़ा देश को “जल तनाव” की श्रेणी में खड़ा कर देता है। यदि यही स्थिति रही, तो आने वाले दशकों में भारत “जल संकटग्रस्त” देश बन सकता है।
जल संकट के पीछे कई कारण हैं। पहला और सबसे बड़ा कारण है जल का अंधाधुंध दोहन होना। खेती के लिए भूजल का अत्यधिक उपयोग, खासकर ट्यूबवेल और बोरवेल के जरिए, ने प्राकृतिक भूजल के स्तर को खतरनाक रूप से कम कर दिया है। दूसरा कारण है जल संसाधनों का प्रदूषण। औद्योगिक कचरा, सीवेज और रासायनिक खाद नदियों और झीलों को जहरीला बना रहे हैं।
दिन प्रतिदिन बढ़ता हुआ शहरीकरण भी इस संकट को और बढ़ा रहा है। कंक्रीट के जंगल बनने से वर्षा का जल जमीन में नहीं रिस पाता, जिससे भूजल पुनर्भरण प्रभावित होता है। इसके अलावा, जल प्रबंधन में कमी और नीतियों का ठीक से लागू न होना भी एक बड़ी समस्या है। लोग पानी को मुफ्त संसाधन समझकर उसकी बर्बादी करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई के लिए पुरानी और अकुशल तकनीकों का इस्तेमाल अभी भी जारी है।
जल संकट का असर हर क्षेत्र पर पड़ रहा है। कृषि, जो भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, पानी की कमी से प्रभावित हो रही है। किसानों को फसल नुकसान और कर्ज के बोझ का सामना करना पड़ रहा है। शहरों में पानी की किल्लत से लोग टैंकर माफिया पर निर्भर हो गए हैं। स्वास्थ्य पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है, क्योंकि प्रदूषित पानी से बीमारियाँ फैल रही हैं।
सामाजिक स्तर पर जल संकट तनाव और संघर्ष को जन्म दे रहा है। नदियों के पानी को लेकर राज्यों के बीच कावेरी और यमुना जल बंटवारे का विवाद, इसका एक बड़ा उदाहरण है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान न हुआ, तो यह देश की शांति और विकास के लिए खतरा भी बन सकता है।
जल संकट से निपटने के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाने की जरूरत है। सबसे पहले, जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाना होगा। वर्षा जल संचयन (रेनवाटर हार्वेस्टिंग) को हर घर, स्कूल और ऑफिस में अनिवार्य करना चाहिए। सरकार ने “जल शक्ति अभियान” शुरू अवश्य किया है, लेकिन इसे और अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत है। ज़रूरत है पारंपरिक जलस्रोतों को संरक्षित कर उनका जीर्णोद्धार करना। पौराणिक कुंडों को साफ़ सुथरा कर वर्षा के जल संचय का एक बड़ा स्रोत बनाया जा सकता है। इससे भूजल का स्तर भी सुधरेगा।
कृषि में पानी की बचत के लिए ड्रिप इरिगेशन और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना होगा। साथ ही, फसलों के चयन में बदलाव लाकर कम पानी वाली फसलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उद्योगों को अपशिष्ट जल को शोधन करके दोबारा इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
नदियों और जलाशयों को प्रदूषण से बचाने के लिए सख्त कानून और उनकी निगरानी जरूरी है। शहरी नियोजन में हरे-भरे क्षेत्रों और जल निकायों को संरक्षित करना होगा। इसके अलावा, लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए स्कूलों में जल संरक्षण को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जा सकता है।
सरकार को जल प्रबंधन के लिए दीर्घकालिक नीतियाँ बनानी होंगी। नदियों को जोड़ने की परियोजना, यदि ठीक से लागू हो, तो पानी के असमान वितरण को कम कर सकती है। साथ ही, भूजल के उपयोग पर नियंत्रण के लिए कानून बनाना भी जरूरी है। लेकिन यह सब तभी संभव होगा जब समाज भी अपनी जिम्मेदारी समझे और उसे निष्ठा से निभाए। हर नागरिक को पानी की एक-एक बूँद बचाने का संकल्प लेना होगा।
जल संकट भारत जैसे हर देश के सामने एक बड़ी चुनौती है, लेकिन यह असाध्य नहीं है। यदि हम आज से ही संरक्षण और प्रबंधन पर ध्यान दें, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। भारत की संस्कृति में जल को देवता माना गया है, और अब समय आ गया है कि हम इसे सिर्फ पूजा तक सीमित न रखें, बल्कि इसके संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाएँ। यह संकट एक अवसर भी है, अवसर एकजुट होने का, नवाचार करने का और एक बेहतर भविष्य बनाने का। इसलिए इस दिशा में कड़े कदम उठाने की ज़रूरत है जिससे कि नागरिक और सरकार दोनों मिलकर भारत को जल संकट से मुक्त करा सकें।
शुक्रवार, 7 मार्च 2025
वायु प्रदूषण पर कैसे लगे रोक?
दिल्ली की नवनिर्वाचित सरकार ने सत्ता सँभालते ही कई कड़े निर्णय लेने शुरू कर दिये हैं। इनमें अहम निर्णय दिल्ली की हवा को प्रदूषण से मुक्त करवाना है। इसके चलते दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने ये घोषणा कर दी कि 31 मार्च 2025 के बाद दिल्ली के सभी पेट्रोल पम्पों पर 15 साल पुरानी गाड़ियों को ईंधन नहीं दिया जाएगा। यह निर्णय कड़ा अवश्य है परंतु देखना यह होगा कि क्या केवल ऐसे एक ही सख़्त निर्णय से दिल्ली की वायु साफ़ हो पाएगी? क्या प्रदूषण के अन्य पहलुओं को अनदेखा किया जाएगा? क्या वाहन निर्माताओं के विरुद्ध भी कड़े निर्देश जारी किए जाएँगे जिसके तहत उनके द्वारा निर्मित गाड़ियों में से प्रदूषण की मात्रा की रोकथाम में भी सहयोग लिया जाए? क्या ग़ैरक़ानूनी तरीक़े से देर रात में दिल्ली से गुज़रने वाले भारी वहनों को भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा रोकने की दिशा में भी ऐसा ही कोई कड़ा कदम उठाया जाएगा? यह तो आने वाला समय ही बताएगा कि कौनसा निर्णय प्रदूषण की जिन्न पर भारी पड़ेगा।
एक सर्वे के मुताबिक़ दिल्ली जैसे महानगर में औसतन 1800 नये वाहन प्रतिदिन जुड़ते हैं। ऐसे में दिल्ली की वायु को दूषित करने के लिए ये वाहन अकेले ही लगभग 50 प्रतिशत तक ज़िम्मेदार हैं। ज़ाहिर सी बात है कि जब पुराने वाहनों की उम्र सीमा तय की जाएगी तो लोग नये वाहन तो लेंगे ही। लेकिन ऐसे में क्या सरकार की यह ज़िम्मेदारी नहीं बनती कि यदि कोई भी व्यक्ति नई गाड़ी ख़रीद रहा हो तो नई गाड़ी के पंजीकरण के समय इस बात को सुनिश्चित कर लिया जाए कि उसी व्यक्ति के नाम पर कोई पुरानी गाड़ी न हो। यदि हो तो पहले उस गाड़ी को बेचा जाए और उसके प्रमाण के बाद ही नई गाड़ी का पंजीकरण किया जाए। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति एक से अधिक गाड़ी अपने नाम या अपनी संस्था के नाम लेता है तो उससे पंजीकरण की फ़ीस अधिक ली जाए। इतना ही नहीं ऐसे नियमों को केवल दिल्ली में ही नहीं देश भर में लागू किया जाए। यदि पुरानी गाड़ियाँ वास्तव में अधिक प्रदूषण करती हैं तो उनकी समय सीमा पूरी होने पर देश भर में कहीं भी चलने की अनुमति न दी जाए। ऐसी गाड़ियों को स्क्रैप किए जाने के सख़्त आदेश लागू किए जाएँ।
ऐसा भी देखा गया है कि प्रदूषण की रोकथाम के लिए ऐसे कड़े नियम आमतौर पर आम जनता के लिए ही होते हैं। सरकारी वाहनों पर इनका कोई भी डंडा नहीं चलता। अक्सर ऐसा भी देखा गया है कि जब सरकारी वाहनों में से निकलता हुआ गंदा धुँआ आसपास के सैकड़ों वाहनों से कहीं अधिक होता है। लेकिन इन वाहनों पर किसी भी तरह की कार्यवाही नहीं की जाती। चालान और वाहन ज़ब्त करने की गाज तो आम जनता पर ही गिरती है। सरकारी अस्पतालों में या अन्य सरकारी भवनों में पुरानी कबाड़ा या दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को सड़ने दिया जाता है। उनका ज़ंग खा कर गलने और मलबे में बदलने का इंतज़ार किया जाता है। वहीं दूसरी ओर यदि किसी कालोनी में किसी आम नागरिक की गाड़ी इस हालत में पाई जाती है तो उसके ख़िलाफ़ नगर निगम और पुलिस कड़ी कार्यवाही करती है।
देश भर के पुलिस थानों के बाहर या उनसे सटे मैदानों में दुर्घटनाग्रस्त या किसी अपराध में शामिल गाड़ियों के ढेर भी कोई अच्छा दृश्य नहीं देते। इन वाहनों के कारण सड़कों पर जाम भी लग जाता है जिसके कारण भी वायु प्रदूषण को बढ़ावा मिलता है। जाम की बात ही करें तो दिल्ली जैसे शहर में ऐसी कई महत्वपूर्ण सड़कें हैं जो चौड़ी तो अवश्य हैं लेकिन समय-समय पर रखरखाव न हो पाने के कारण ख़स्ता हाल में हैं। इन टूटी-हटी सड़कों के कारण भी वाहनों को चलने में दिक़्क़त होती है। इस कारण भी ट्रैफ़िक जाम लगता है जो वायु प्रदूषण का कारक बनता है। ऐसे में जिन वाहनों को पुराना समझ कर प्रतिबंधित किया जाता है, उनसे कहीं ज़्यादा मात्रा में नये वाहनों द्वारा प्रदूषण होता है। इसलिए लोक निर्माण विभाग की यह ज़िम्मेदारी होनी चाहिए कि वह सड़कों को दुरुस्त रखें जिससे प्रदूषण को बढ़ावा न मिले।
ऐसा भी देखा गया है कि जब भी कभी देश के किसी भी कोने में किसी वीवीआईपी का दौरा होता है तो सड़कों पर ट्रैफ़िक पुलिस की तैनाती इस कदर की जाती है कि जाम लगना असंभव हो। यदि इलाक़े की ट्रैफ़िक पुलिस किसी अतिविशिष्ट व्यक्ति की सेवा में ट्रैफ़िक संचालन को इतने सुचारू रूप से चला सकती है तो आम नागरिकों से इतना सौतेला व्यवहार क्यों? क्या किसी भी सरकार ने इस दिशा में कोई पहल की है? यदि इन बिंदुओं को गंभीरता से लिया जाए तो न सिर्फ़ दिल्ली बल्कि पूरे देश की हवा बदलेगी।
दिल्ली की हवा ख़राब होते ही पुराने वाहनों पर रोक लगाने से सरकार को क्या हासिल होता है, यह समझ में नहीं आता। ज़रा सोचिए, यदि आपका वाहन दस साल से अधिक पुराना नहीं है और उसमें एक वैध पीयूसी सर्टिफिकेट भी है तो आपका वाहन प्रदूषण के तय माणकों की सीमा में ही माना जाएगा। या यूँ कहें कि आपका वाहन अनियंत्रित प्रदूषण नहीं कर रहा। अपनी गाड़ियों की नियमित ‘पीयूसी’ जाँच करवाने वालों पर ऐसे प्रतिबंध लगाना कहाँ तक उचित है? बहरहाल दिल्ली की नई सरकार के पास ऐसी कई चुनौतियाँ हैं जिनका समाधान उन्हें जनता के हितों को केंद्र में रख कर व सोच-समझकर ही निकालना पड़ेगा, जल्दबाज़ी में नहीं।
सदस्यता लें
संदेश (Atom)







